मुंशी प्रेमचंद कृत 'निर्मला'

-प्रेमचंद-कृत ‘निर्मला’ 
-कथा-परिचय: -बाबू उदयभानुलाल (वकील साहब) की बड़ी बेटी निर्मला (15 साल) और छोटी कृष्णा (10 साल)। निर्मला की बात बाबू भालचंद्र सिन्हा के ज्येष्ठ पुत्र भुवन मोहन सिन्हा से पक्की हो गई। वर पक्ष ने कहा कि बारात की आवभगत अच्छी हो, दहेज़ की कोई बात नहीं। इसे वकील साहब ने सीरीयसली ले लिया। निर्मला डरी हुई। अपनी बहन से कहती है- ‘हम लड़कियाँ हैं, हमारा घर कहीं नहीं होता।‘
-विवाह की तैयारियाँ हो रही हैं। खर्च बढ़ता जा रहा था। निर्मला की माँ कल्याणी बाबू उदयभानु से कहती है कि तय कर लो- 5000 से ज्यादा खर्च न करोगे। मेरे और बच्चे भी हैं, उनके लिए भी कुछ बचाना है। उदयभानु बोले- मैं कौन-सा आज ही मरा जा रहा हूँ। इस पर बात बढ़ गई। कल्याणी घर छोड़कर जाने लगी तो सोते हुए उठ बैठे छोटे बेटे चंद्रभानु ने उसे रोक लिया। उधर बाबू साहब रात को चल दिए। सोचा- चार-पाँच दिन में आ जाऊँगा। तब तक पत्नी के होश ठिकाने आ जाएंगे। शहर का छँटा बदमाश पीछे लग लिया। वकील साहब ने उसे डाके के एक केस में तीन साल की सज़ा दिलाई थी। उसने बदला लिया। मार डाला।
-कल्याणी दुःखी। अपराध-बोध ग्रस्त। बच्चों की सूरत से चिढ़। शोक कम हुआ तो निर्मला के विवाह की समस्या। तय किया कि सब पूर्वनिर्धारित कार्यक्रमानुसार हो। वर पक्ष को शोक संदेश के साथ यह सूचना भी भेजी गई। पुरोहित मोटेराम यह संदेश लेकर गए। बाबू भालचंद्र ने कहा कि निर्मला की शक्ल देख-देखकर मुझे बाबू उदयभानु की याद आया करेगी। दुःख दिया करेगी। अंत: अब यह संबंध नहीं हो सकता। वास्तविक कारण: दहेज का लालच। उनकी पत्नी कहती है कि वहीं संबंध करो पर बेटा भुवन नहीं मानता। वह साफ कहता है कि शादी ऐसी जगह हो जहां एक लाख का तो डौल हो। पुरोहित को मना कर दिया गया।
-कल्याणी को निर्मला के विवाह की चिंता। पंडित मोटेराम वर की तलाश में दौड़े। कुछ समय बाद पाँच प्रस्ताव लाए। उनमें एक जँचा। वकील। उम्र पैंतीस साल। पहली पत्नी मृत। तीन बेटे। अपना घर। कुछ जायदाद भी। खानदान उत्तम। कोई मांग नहीं।
-निर्मला का विवाह उन्हीं वकील साहब मुंशी तोताराम से हो गया। मुंशी जी की तोंद निकली हुई थी। मंदाग्नि‍ और बवासीर। तीन बेटे: सोलह साल का मंसाराम। बारह का जियाराम। सात का सियाराम। मुंशी जी की एक विधवा बहिन रुक्मणि‍। पचास साल। घर की मालकिन।
मुंशी जी निर्मला के लिए तोहफे लाते। उसे सिनेमा आदि दिखाते। तरह-तरह से प्रेम प्रदर्शि‍त करते। निर्मला का मन न लगता। कारण- पिता की उम्र का पति। उसकी प्रेम की बातें बनावट और दिखावा लगतीं। मुंशी जी ने महीने-भर बाद ही निर्मला को अपना खजांची बना लिया। सारी कमाई उसे दे देते। सारा हिसाब-किताब वही रखने लगी। रुक्मणि‍ ईर्ष्याग्रस्त। ताने मारती। निर्मला ने मुंशी जी से कहा। मुंशी जी ने बहिन से। बहिन बोली- कुछ न बोलूँग‍ी। लड़कों की ज़रूरत को आधार बनाकर कहा-सुनी होती। मुंशी जी ने कहा- बच्चे शरारती हो गए हैं। बड़े को हॉस्टल भेजता हूँ। छोटे को पीटा। वह रोया। उसके रुदन से निर्मला को अपना कर्त्तव्य सूझा।
-अब निर्मला बच्चों का ध्यान रखने में व्यस्त रहने लगी। अब कभी-कभी मंसाराम भी पास आ बैठता। मुंशी जी विषयी जीव थे। उनको एक दोस्त ने सलाह दी कि बिजली के द्वारा झुर्रियां और पके बाल दूर करवा लो। वरना चुस्त कपड़े पहनो। शेर याद करो। सुनाया करो। अपनी मर्दानगी दिखाओ। झूठमूठ का शोर मचाओ- चोर... चोर और तलवार लेकर पिल पड़ो। बहादुरी की डींगें हांको। मुंशी जी डींगें हांकने लगे। इससे निर्मला को उनपर दया आने लगी। एक बार बताया कि तीन चोरों की तलवारों के सारे प्रहार मैंने अपनी छड़ी से बेकार कर दिए। निर्मला ने कहा कि फिर तो छड़ी पर गहरे निशान होंगे तो बोले- नहीं, मैं वारों को खाली जाने देता था। दो-चार छड़ी पर पड़े भी तो उचटते-से, जिनके निशान नहीं पड़ सकते थे। तभी रुक्मिणी ने बताया कि उसके कमरे में सांप निकल आया है। मुंशी जी घबरा गए। कहने लगे- सांप पर लाठी असर नहीं करती। किसी के घर से भाले का इंतज़ाम किया जाए। कहकर बाहर चले गए। मंसाराम ने चादर फेंककर उसे स्थि‍र किया और तीन-चार डंडे कसकर जमाए। फिर उसे डंडे पर लटकाकर बाहर फेंक आया। मुंशी जी बोले- बेकार जल्दी की। मैं आ ही रहा था। सांप को भाले से ही मारना चाहिए। मैंने कई मारे हैं। निर्मला को फिर दया आई।
उसने सोचा- मेरे भाग्य में जो सुख है ही नहीं, उसकी प्रतीक्षा भी क्यों करूँ। अगले दिन मुंशी जी लौटे तो मुस्कराकर स्वागत किया। मंसाराम कुछ खाने को मांगने आया। निर्मला ने दिया। मुंशी जी को बताया कि पहले नहीं आता था मेरे पास, अब आ जाता है। मुंशी जी इससे जल उठे। जाकर उसका इम्तिहान लेने लगे। मंसाराम को लाख कोशि‍श करने के बाद भी वे फेल न कर सके। आरोप लगाया कि तुम आवारा घूमते रहते हो। इसका भी प्रतिकार मंसाराम ने कर दिया। मंसाराम को होस्टल भेजने की बात की मुंशी जी ने। मंसाराम ने यह बात रुक्मणि‍ को बताई और उसने निर्मला को। निर्मला ने मुंशी जी से कहा कि मंसाराम से वह अंग्रेज़ी पढ़ लिया करती थी। वह होस्टल चला जाएगा तो पढ़ाई छूट जाएगी। यह सुन मुंशी जी और भी जल गए। निर्मला के खुश रहने का कारण अपने बेटे को समझने लगे। बोले- तुमको अंग्रेज़ी पढ़ाने के लिए कोई नौकर रख दूँगा। मुंशी जी सारे काम छोड़ स्कूल गए पर होस्टल में सीट का इंतज़ाम न कर सके। दूसरे स्कूलों में भी पता किया। कहीं सीट नहीं। मंसाराम ने स्कूल के समय के अलावा अपने कमरे से निकलना बंद कर दिया। वह सूख गया था। उसे अपनी मां की याद आती। कमरे में अकेले रोता। निर्मला को पता लग गया था मुंशी जी के शक का। उसने उसी समय से मंसाराम से पढ़ना भी छोड़ दिया, बात करना भी। रुक्मि‍णी बच्चों का ध्यान न रखने पर उसे ताने देती तो वह चुपचाप सुनती रहती। मंसाराम को लगा कि उसी ने मुंशी जी से उसकी शि‍कायत की। इसी कारण उसे होस्टल भेजने का फैसला पिता ने लिया। मीठी बोलै, कालजा छोलै। उसने तय किया कि घर छोड़ देगा। एक दिन रात के दस बज गए थे, पर उसने खाना नहीं खाया। नौकरानी कई बार बुलाने गई और लौट आई। फिर जाने से मना कर दिया। जिद कर निर्मला ने फिर भेजा तो लौटकर बताया कि वे तो रो रहे हैं। निर्मला का मन किया कि अभी जाके चुप करा दे। पति के शक का भय होने पर भी गई। खाने का हठ किया। मंसाराम ने जाना कि इसने भी अभी तक नहीं खाया। वह पिघल गया। खाने के लिए तैयार होने ही लगा था कि मुंशी जी आ धमके। सीधे उसी कमरे में। निर्मला से पूछा कि तुम यहां क्या कर रही हो। निर्मला ने कठोरता से कहा कि खाना नहीं खा रहे। पिता ने डांटा। मंसाराम बोला- भूख नहीं। मुंशी जी लौट आए। पीछे-पीछे निर्मला भी। वह भूखा रह गया। निर्मला भी। सुबह नौकरानी ने बताया कि मंसाराम अपने सारे काग़ज़-पत्तर इक्के पर लाद रहा है। वह हेडमास्टर से अपने स्कूल में रहने की बात कर आया था। चला गया।
छुट्टी के दिन भी घर न लौटता। मूँग के लड्डू उसके लिए नौकरानी के हाथ भेजे तो लौटा दिए। एक दिन मुंशी जी भी निर्मला से बिना मिले कचहरी जाने लगे तो उनको बुलाया। उन्होंने बताया कि मंसाराम को ज्वर आ गया है। हेडमास्टर ने पत्र में कहा है कि उसका इलाज घर पर ही करें तो बेहतर। निर्मला ने कहा कि उसे लेते आना। मेरे कारण न ला रहे हों तो मुझे मेरे घर भेज देना। मुंशी जी स्कूल चले। सोचते हुए- कहीं उसने बहाना तो नहीं किया।
जियाराम ने बताया कि नई अम्मां मंसाराम के शोक में खाना नहीं खातीं। रोती रहती हैं। दुबली हो गई हैं। पर पिताजी के सामने आते ही मुस्कराने लगती हैं तो मंसाराम की समझ में सच आया। अपने को कोसने लगा। इतना बड़ा कलंक! चरित्रवान् मंसाराम का दिल फटने को होने लगा। वह क्लास में न गया। सोचा- मैं अपने रक्त से इस कलंक को धो दूँगा।
होस्टल में शाम को आने वाले डॉक्टर के पास वह गया तो डॉक्टर ने उसे गंभीर रोग बताया। उसने ज़हर के बारे में पूछताछ की। डॉक्टर ने जब बताया कि ऐसे ज़हर भी आते हैं, जिनकी एक बूँद पीते ही आदमी ठंडा हो जाए तो वह बहुत खुश हुआ। मानो कोई इनाम पा गया हो। वह और लड़कों के साथ थि‍येटर देखने चला गया। रात दो बजे लौटा। नींद नहीं आई। अपनी सारी किताबें बांधकर संदूक में रख दीं। तीन रात से वह सोया न था। शरीर शि‍थि‍ल। नौकरानी उसके लिए कुछ लाई तो रखा नहीं। कहा कि बाबूजी के मुँह पर कहना कि वे खूब खाते, मौज करते हैं। नौकरानी चली गई। मंसाराम को ठंड लगी। ज्वर चढ़ा। बेहोशी। मुंशी जी की आवाज़ सुनकर लिहाफ फेंक उठ खड़ा हुआ। अपने को ठीक बताने लगा। खड़ा न रहा गया। मुंशी जी ने लिटा दिया। लिहाफ ओढ़ा दिया। उसकी हालत देख रोने लगे। मंसाराम भी रोने लगा। तब भी मुंशी जी यही सोच रहे थे कि क्या इसका इलाज यहीं पर नहीं हो सकता। होस्टल के अध्यक्ष ने घर ले जाने को कहा। साईस उसे उठाने लगे तो वह घर न जाने पर अड़ गया। कहने लगा- इससे अच्छा अस्पताल में डाल दो। मुंशी जी उसे अस्पताल ले गए। रास्ते में सोचा- कहीं यह भी सच्चाई समझ तो नहीं गया, कहीं इसी कारण तो घर न जाने पर नहीं अड़ा है। यह सोच आत्मग्लानि। रुदन।
शाम घर लौटे तो निर्मला को बने-ठने पाया। बता दिया कि लड़का अपनी इच्छा से अस्पताल गया। रुक्मिणी ने कहा कि वह अस्पताल में अच्छा न होगा। मुंशी जी खुद को कोसने लगे कि उन्होंने विवाह किया ही क्यों। फिर सोचा- कहीं मंसाराम भांप तो नहीं गया। इससे बेचैनी बहुत बढ़ गई। वे अस्पताल गए। डॉक्टर ने बताया- हालत नाजुक। मुंशी जी ने कहा कि इसे एक बार होश आ जाए तो वे कह दें कि उनका दिल उसकी तरफ़ से साफ़ है। तीन दिन मुंशी जी अस्पताल में ही रहे। रुक्मिणी और बच्चे सुबह-शाम देख आते। निर्मला घर ही रहती। चौथे दिन जियाराम ने बताया कि डॉक्टर कह रहे थे कि इसे खून चढ़ाना पड़ेगा। मुंशी जी ने कहा कि उनका खून ले लें तो बोले- किसी जवान का खून चाहिए। यह सुन निर्मला ने खून देना तय किया। वह अस्पताल पहुँची। ज्वर कुछ कम हो गया था। उसे देख मंसाराम ने मुँह फेर लिया। मुंशी जी ने निर्मला से वहां आने का कारण दो बार पूछा। कहा- यहां आने की जरूरत नहीं। यह सुन मंसाराम सारी ताकत समेट खड़ा हो गया। निर्मला के पैरों पर गिर कहने लगा कि भगवान से प्रार्थना है- मेरा पुनर्जन्म आपके गर्भ से हो। आपको हमेशा माता समझा। क्षमा करना, यह अंतिम भेंट। निर्मला ने कहा- दो-चार दिन में अच्छे हो जाओगे। मुंशी जी ने बताया- इसके लिए किसी जवान का खून चाहिए। निर्मला ने कहा कि वह देगी खून। मुंशी जी ने कहा कि इसमें जान जाने का भय है। मैंने तुम्हारे साथ अन्याय किया। क्षमा करो।
डॉक्टर निर्मला का खून लेने की तैयारी कर ही रहे थे कि मंसाराम चल बसा। पुत्र के शोक में मुंशी जी के लिए जीवन भार बन गया। उसे ढोने लगे। मंसाराम का इलाज करने वाले डॉक्टर से उनकी दोस्ती हो गई थी। कभी-कभी मुलाकात हो जाती। उनकी स्त्री- सुधा, भी निर्मला से मिलने आ जाती। निर्मला देखती कि वह दम्पती उनसे कम संपन्न होने पर भी ज़्यादा ख़ुश रहता। निर्मला ने सुधा को अपनी दासतां बताई। सुधा ने पूछा कि जहां पहले विवाह तय हुआ था, उन्होंने क्यों इनकार कर दिया। निर्मला ने बताया- दहेज़ के कारण। वे लोग लखनऊ के रहने वाले थे। लड़के ने ही इनकार कर दिया था। सुधा बोली- मैं उसे पा जाती तो ख़ूब आड़े हाथों लेती। वह उसका पति था। पति को उसने इसपर ताने दिए। पति ने सफ़ाई देते हुए बहाना बनाया कि कन्या में ऐब था। क्या ऐब था, यह डॉक्टर साहब न बता सके। सुधा ने बता दिया कि निर्मला ही वह लड़की है। परम सुंदरी। परम निपुण। मैं उसकी लौंडी बनने योग्य भी नहीं। कहो तो उससे मिलवा दूँ। वह अपनी दृष्टि से ही ऐसा तिरस्कार कर देगी कि तुम हमेशा याद रखोगे। डॉक्टर ने कहा कि ऐसा ग़ज़ब न करना। पूछा- निर्मला की बहिन है न। सुधा ने बताया कि उसकी चिंता निर्मला करती है। यह सुन डॉक्टर साहब ने एक पत्र लिखा।
निर्मला ने कन्या जनी। कृष्णा का विवाह तय। मुंशी जी का मकान नीलाम। कृष्णा का विवाह डॉक्टर सिन्हा के छोटे भाई से तय। मुंशी जी काम नहीं कर पाए तो पैसे की तंगी। मकान नीलाम। मुंशी जी ने देखा कि बेटी की सूरत मंसाराम से मिलती थी। उसे प्यार करने लगे।
निर्मला को पता लगा कि कृष्णा का विवाह उसी घर में तय, जिसमें उसका पहले तय हुआ था। चकित पर सुकून मिला। विवाह से महीने-भर पहले वह अपने घर गई। माँ से मिली। रोई। माँ ने पूछा कि तूने रुपये क्यों भेजे। पता लगा कि 500 रुपये के नोट भेजे गए। निर्मला के नाम से। लड़के वाले अब दहेज़ से चिढ़ते हैं। निर्मला से विवाह से इनकार करने पर लज्जित भी। निर्मला और कृष्णा ने मन-भर बातें की। कृष्णा रिश्ते से बहुत ख़ुश। लड़का खादी पसंद करता है, यह जानकर चरखा चलाना सीख रही है ताकि सूत कातकर उसके लिए साफ़ा बुन सके उपहार में देने के लिए। आधी रात गए उसे चरखा चलाते देख निर्मला को अपने विवाह की याद आई।
विवाह में मुंशी जी एक दिन पहले निर्मला की सहेली के साथ आए। निर्मला वर के बड़े भाई को देखना चाहती थी, जिनके कारण यह संबंध हुआ। बारात आई तो उसमें डॉक्टर साहब को देखकर वह चकित हुई पर उसकी निगाह वर के भाई को ही खोजती रही। नाई आया तो उससे पूछा। उसने डॉक्टर साहब की तरफ़ इशारा कर दिया। शास्त्री जी ने भी यही बताया। निर्मला ने सुधा को प्यार-भरी शि‍कायती नज़र से देखा। समझ गई कि रुपये भी इसी ने भि‍जवाए। कुछ समय बाद सुधा ने डॉक्टर से मुलाकात करवा दी। कहा- चाहे जितना फटकारो। डॉक्टर साहब सिर झुकाए खड़े थे। निर्मला ने कहा- इसी तरह कृपादृष्टि बनाए रखना।
विवाह के बाद सुधा चली गई। निर्मला मायके में ही रह गई। मुंशी जी बार-बार बुलाते। न जाती। सुधा ने भी आने को लिखा पर बहाने कर दिए। अंतत: सुधा नौकर के साथ आ गई। न आने का कारण पूछा तो निर्मला ने बताया कि आगे कौन बुलाएगा और कौन आएगा। सुधा ने बताया कि वकील साहब की हालत खराब। दोनों बेटे शरारती। बड़ा उनको हत्यारा कहता है। एक दिन पत्थर मारने दौड़ा। निर्मला को चिंता हुई।
सुधा के बेटे को बुखार हो गया। तेज़ बुखार। निर्मला की माँ ने नज़र उतारी। किसी मौलवी से भी फूँक डलवाई। कोई असर न हुआ। इससे पहले कि सुधा पति को तार दे पाती, बेटा चल बसा। डॉक्टर साहब आए। दोनों रोए।
मंसाराम के मरने के बाद लोग कहते- किसी का सौतेली माँ से पाला न पड़े। मुंशी जी की आमदनी पहले जैसी न रही तो ख़र्च भी पहले जैसा न रहा। जियाराम मुँहजोर हो गया था। डॉक्टर सिन्हा ने भी उसे समझाने की कोशि‍श की। जियाराम ने कहा कि वह पिता से अच्छे-से बात करने की कोशि‍श करेगा पर पिता से बात हुई तो सब सोचा हुआ बेकार गया। पिता उसे दोस्तों को लुच्चा कहते रहे। उसने भी पलटकर जवाब थमाया।
सुधा के साथ निर्मला लौट आई ससुराल। सुधा ने उसकी बेटी का नाम आशा रखा। पिता ने बेटी के लिए मिठाई ले आने को सियाराम से कहा। वह बोला- हमारे लिए तो कभी मिठाई नहीं आती। जियाराम ने उसे जाने को मना कर दिया। मुंशी जी ख़ुद मिठाई लाए। जिया ने न तो ख़ुद खाई, न सिया को खाने दी। निर्मला ने लड़कों को मनाने की कोशि‍श की तो मुंशी जी ने रोक दिया। मुंशी जी और जिया में ख़ूब तनातनी हुई। निर्मला ने उसे डाँटकर चुप रहने को कहा। मुंशी जी ने थप्पड़ चलाया तो निर्मला बीच में आ गई। उसे लगा। फिर जिया पर घूँसा चलाना चाहा तो जिया ने हाथ पकड़ लिया। बोला- अम्माँ जी का लिहाज कर रहा हूँ वरना दिखा देता। रात को मुंशी जी के अलावा और किसी ने भोजन न किया। निर्मला को चिंता में नींद नहीं आई। तभी जियाराम दबे पाँव उसके कमरे में आया। उसके सिरहाने ताक पर रखा संदूकचा उठाया और तेज़ी से निकल गया। मुंशी जी ऊपर छत पर सो रहे थे। निर्मला ने उनके शक्की स्वभाव के कारण उनको नहीं उठाया। सुबह जियाराम के पास जाकर पूछा तो उसने कहा कि वह रात को थि‍येटर देखने गया था। कमरे में नहीं आया। वह तो यों ही डरता है कमरे में आने से कि कहीं चोरी का इल्जाम न लग जाए। निर्मला ने कहा कि चोरी की नहीं तो इल्जाम क्यों लगेगा। निर्मला का ध्यान अपने संदूकचे पर न गया था। मुंशी जी कचहरी चले गए। वह सुधा के घर जाने लगी। नौकरानी से संदूकचा उठा लाने को कहा। उसने बताया कि वह तो वहाँ है ही नहीं। निर्मला ने जाकर देखा तो उसे भी नहीं मिला। संदूकचे में गहने थे। उसकी और बेटी आशा की उम्मीद टिकी थी उन्हीं पर। पाँच-छह हज़ार के गहने। निर्मला रोने लगी। तीन बजे जिया स्कूल से लौटा तो निर्मला ने कहा- भैया, दिल्लगी की हो तो लौटा दो। जिया तब तक उसे यारों को दे चुका था और यार सर्राफे में बेच चुके थे औने-पौने दामों पर। जिया ने मना कर दिया। मुंशी जी लौटे। निर्मला के मना करने पर भी पुलिस में गए। थानेदार उनका जानकार भी था, ऋणी भी। जाँच कर बोला- यह किसी बाहर के आदमी का काम नहीं। जिया डरा रहने लगा। कई दिन भरपेट भोजन उससे नहीं किया गया। सातवें दिन उसे ख़बर मिली कि माल मिल गया है। वह परेशान। उधर मुंशी जी भी परेशान। निर्मला ने कहा कि इसीलिए वह जाँच बंद कराने को कहती थी। वह हज़ार रुपए का इंतज़ाम कर देगी, अगर थानेदार लेकर मान जाए। मुंशी जी थाने गए। वह पाँच सौ में मुश्किल से तैयार हुआ। जियाराम उस दिन घर नहीं लौटा। कुछ पता नहीं लगा कहाँ गया। निर्मला ने कहा कि डॉक्टर साहब के यहाँ देख आओ। मुंशी जी वहाँ जाने को निकले ही थे कि वे बाहर ही मिल गए। उनसे पूछा तो वे बोले कि धैर्य से काम लीजिए। मुंशी जी गिर पड़े।
गहने चोरी चले जाने के बाद निर्मला एक-एक कौड़ी दाँत से पकड़ने लगी। मुंशी जी ने उससे कुछ भी कहना बंद कर दिया। नियमित कचहरी जाने लगे। तबीयत ख़राब रहने लगी पर मेहनत करते रहे। एक दिन निर्मला ने सिया को घी लेने भेजा। लाया तो सूँघकर कहा कि ख़राब है, लौटा आओ। सियाराम ने कहा कि सारे बाज़ार में इससे अच्छा घी नहीं। बनिया अब इसे वापस न लेगा। उसने पहले ही कहकर दिया है। निर्मला उसे बुरा बताकर भीतर चली गई। सियाराम घी उठाकर बाज़ार चला। बनिये से कहा कि दिखाया दूसरा माल और दिया दूसरा। दुकान पर एक साधु बैठा था। उसने सूँघकर घी को अच्छा बताया। सियाराम रो पड़ा। बनिये से साधु को सिया की सारी बात पता लगी। साधु ने उसे घी लौटा लेने को कहा। उसने बदले में सबसे अच्छा घी दे दिया। सियाराम को साधु बहुत दयालु लगा। साधु उसके साथ हो लिया। रास्ते में मीठी बातें की। बताया कि उसके पिता ने भी दूसरा विवाह किया था, इसीलिए वह साधु बना। घर से निकल भागा। एक महात्मा मिले। स्वामी परमानंद। उनके साथ रहने और घूमने लगा। योग विद्या सीखी। उसके बल पर अपनी माँ से जब चाहूँ बात कर लेता हूँ। सिया इस विद्या के प्रति आकृष्ट। साधु उसका घर देखकर फिर आने को कह गया। कुछ दूर दूसरा साधु हरिहरानंद खड़ा था। उससे कहा- इस बार शि‍कार फँस जाएगा।
घर पहुँचा तो देर हो चुकी थी। निर्मला ने लकड़ी लाने को कहा तो उसने मना कर दिया। नौकरानी को भेजती तो महँगी लकड़ी लाती। खाना नहीं बना। वह बिना खाए ही स्कूल के लिए चला गया। स्कूल न जाकर कहीं बैठा रहा। साधु की याद आई। वह बनिये की दुकान पर गया। वहाँ साधु न था। घर लौटा तो निर्मला ने तरकारी लाने को कहा। सियाराम ने खरी-खोटी सुनाते हुए मना कर दिया। घर से फिर निकल गया। साधु को खोजता रहा। रात हो गई। घर जाने ही वाला था कि साधु परमानंद मिल गया। वह हरिद्वार जा रहा था। सिया ने भी साथ चलने को कहा। शि‍कार फँस गया।
मुंशी जी भूखे-प्यासे लौटे। कचहरी में कुछ काम न बना था। पता लगा कि ईंधन नहीं था तो खाना नहीं बना। सिया चला गया। भूखा। कहा कि उसे कुछ पैसे दे देती तो निर्मला ने कहा- पैसे घर में फलते हैं क्या। मुंशी जी चुप रह गए। अपना संदूक झाड़ा तो उससे एक चवन्नी गिर पड़ी। खुश हुए। कमरे में देखा- सिया नहीं था। इंतज़ार करते रहे पर सिया नहीं आया। कम्पनी बाग़ में जाकर खोजा। वहाँ भी नहीं। फिर घर लौटकर देखा- नहीं। अगले दिन भी नहीं। मुंशी जी ने निर्मला को बुरा-भला कहा।
निर्मला रोई। अगले दिन मुंशी जी ने पूछा कि उसके पास कुछ रुपये हैं या नहीं। निर्मला ने मना कर दिया। वे सिया को ढूँढ़ने निकल गए।
एक महीना बीत गया। मुंशी जी न लौटे। निर्मला को बच्ची की चिंता। और कंजूसी से काम लेने लगी। नौकरानी भी छोड़ गई। निर्मला को कुछ अच्छा लगता तो बस सुधा के घर जाना। बच्ची को ले जाती तो उसे वहाँ भूख लगती। यह निर्मला को अच्छा न लगता। वह उसे साथ न ले जाती। एक दिन वह सुबह ही सुधा के घर जा पहुँची। सुधा नदी में स्नान करने गई थी। डॉक्टर साहब अस्पताल जाने को तैयार हो रहे थे। निर्मला सुधा का इंतज़ार करने लगी। डॉक्टर साहब ऐनक खोजते उसके कमरे में आए। निर्मला ने देखा तो ऐनक दिखाई दे गई। उठाकर डॉक्टर को दे दी। डॉक्टर ने अपने मन का चोर सामने रखा तो वह वहाँ से भागी। घर के द्वार तक पहुँची थी कि सुधा आती दिखाई दी। वह उससे मिले बिना तेज़ी से चली गई। सुधा हैरान। भीतर जाकर सबसे पूछा। कुछ पता न लगा। वह निर्मला के घर पहुँची। निर्मला चारपाई पर पड़ी रो रही थी। उसने कुछ नहीं बताया पर सुधा समझ गई कि डॉक्टर साहब ने ही कुछ छेड़छाड़ की है।
निर्मला को रुक्मिणी ने बताया कि डॉक्टर साहब मर गए। सुधा का क्या होगा, मेरी कठोरता के कारण ही यह सब हुआ, यह सोच निर्मला अपने को कोसती। वह सुधा के घर गई। सुधा उससे लिपट रोई। लोग कुछ कम हुए तो निर्मला ने पूछा। सुधा ने बताया कि डॉक्टर साहब ने ही जो कुछ हुआ, सच बता दिया था। मैंने बहुत बुरा-भला कहा। मैं ऐसे वैधव्य को ऐसे सौभाग्य से बुरा नहीं समझती। उपवास कर लेना आसान है, विषैला भोजन करना मुश्किल।
सुधा अपने देवर के साथ चली गई। निर्मला ने दूसरा कम किराये का मकान लिया। उसमें न रौशनी की पहुँच थी, न हवा की। निर्मला अकसर नहीं खाती। उसने खाट पकड़ ली। रुक्मिणी का दिल अब उसके प्रति दयापूर्ण ही रहने लगा। जो निर्मला को अच्छा लगे, वही पकाने की कोशि‍श करती। वैसी बात करती। बच्ची का सारा ध्यान रखती। निर्मला से वैद्य को दिखाने के लिए कहा तो बोली- मुझे कोई दवा फ़ायदा न करेगी। इसे चाहे क्वारी रखना, चाहे विष देकर मार डालना पर किसी कुपात्र के गले मत मढ़ना, यही विनय है। पति कभी आए तो उससे कहना कि मुझे क्षमा कर दें।
तीन दिन निर्मला रोती रही। चौथे दिन संध्या समय विपत्ति-कथा समाप्त हुई। लाश बाहर निकाली गई। सवाल उठा- दाह-संस्कार कौन करेगा। तभी एक बूढ़ा पथि‍क आ खड़ा हुआ। ये मुंशी तोताराम थे।
                         
-निर्मला: प्रमुख प्रश्न:
1.     इस उपन्यास के लेखक कौन हैं? –प्रेमचंद
2.    तोताराम कौन थे और निर्मला का उनसे क्या संबंध था? -2013 –वकील। पति।
3.    मंसाराम के चरित्र की किन्हीं दो विशेषताओं पर प्रकाश डालिए। -2013 –चरित्रवान। संवेदनशील।
4.    निर्मला की मृत्यु कैसे हुई? -2013 –कम खाने से। निरंतर चिंता और तनाव से। बीमारी से। अनमेल विवाह से। ग़रीबी से।
5.    डॉक्टर साहब कौन थे? सुधा से उनका क्या संबंध था? -2013 –सुधा के पति। निर्मला से तय हो चुके विवाह को दहेज़ के कारण रद्द करने वाले। बाद में अपने छोटे भाई से निर्मला की छोटी बहिन का रिश्ता तय करा अपनी मनुष्यता और अपने दहेज़-विरोध का परिचय देने वाले।
6.    भुवनमोहन कौन थे और वे क्या करते थे? -2013 - निर्मला से तय हो चुके विवाह को दहेज़ के कारण रद्द करने वाले। डॉक्टर।
7.    ‘निर्मला’ उपन्यास के माध्यम से लेखक ने किस समस्या को उजागर किया है? -2013
–अनमेल विवाह की समस्या को।
8.    भुवनमोहन सिन्हा के पिता का नाम क्या था? –बाबू भालचंद्र सिन्हा
9.    निर्मला के माता-पिता का नाम बताइए। -बाबू उदयभानुलाल और कल्याणी देवी।
10.  निर्मला के पिता क्या करते थे? –वकील थे।
11.   निर्मला के पिता को किसने मारा और क्यों? –शहर के उस छँटे हुए बदमाश ने, जिसे बतौर वकील उन्होंने तीन साल की सज़ा दिलाई थी।
12.  निर्मला के पिता की मृत्यु का एवं उसके तय कार्यक्रमानुसार विवाह का संदेश लेकर बाबू भालचंद्र सिन्हा के यहाँ कौन गया? –पंडित मोटेराम शास्त्री 
13.  बाबू भालचंद्र सिन्हा ने क्या कहकर निर्मला के रिश्ते से मना कर दिया? –यही कि उसका चेहरा देखकर उसके पिता बाबू उदयभानु सिंह की याद आया करेगी और दु:ख दिया करेगी।
14.  निर्मला का विवाह किनके साथ हुआ? –मुंशी तोताराम।
15.  मुंशी तोताराम का संक्षि‍प्त परिचय दीजिए। - वकील। उम्र पैंतीस साल। पहली पत्नी मृत। तीन बेटे। अपना घर। कुछ जायदाद भी। उनकी तोंद निकली हुई थी। मंदाग्नि‍ और बवासीर। विषयी और एकांतप्रिय। तीन बेटे: सोलह साल का मंसाराम। बारह का जियाराम। सात का सियाराम। एक विधवा बहिन रुक्मणि‍।
16.  मुंशी तोताराम निर्मला को अपना प्रेम कैसे दिखाते? –तोहफ़े देते। सिनेमा दिखाते। अपनी कमाई देते। बहादुरी की डींगें हाँकते।
17.  निर्मला को मुंशी जी का प्रेम-प्रदर्शन कैसा लगता? –बनावटी और दिखावटी। नकली।
18.  बड़े बेटे मंसाराम को मुंशी जी ने होस्टल भेजने का फ़ैसला क्यों किया? –अपने शक के कारण।
19.  मंसाराम को मुंशी जी होस्टल में सीट दिला सके या नहीं? –नहीं।
20.  स्कूल में मंसाराम के रहने का इंतज़ाम कैसे हुआ? –मंसाराम स्कूल का होनहार विद्यार्थी। हेडमास्टर से कहा कि इंतज़ाम न हुआ तो शायद इम्तिहान न दे सकूँ। उससे उम्मीद थी स्कूल को। इसलिए हेडमास्टर साहब ने इंतज़ाम कराया।
21.  निर्मला का चरित्र-चित्रण कीजिए। -मध्यवर्गीय घर की साधारण लड़की। -संवेदनशील: रिश्ता तय हो जाने के बाद डरी-डरी-सी रहती है। मुंशी तोताराम के बच्चों का ध्यान रखने की कोशि‍श करती है। मंसाराम को ख़ून देने के लिए भी तैयार हो जाती है। मुंशी तोताराम जब प्रेम का दिखावा करते हैं तो उनपर भी उसे दया आती है।    -समझौतापरस्त: मुंशी जी के शक का पता लगता है तो मंसाराम से बात करना छोड़ देती है।  -परमुखापेक्षी: आम तौर से दूसरों के लिए ही जीती है। दूसरे क्या सोचते हैं, इससे उसके जीवन पर असर पड़ता है। -संघर्षशील: हालात को सहती है। कई बार भूखी तक रह जाती है। मुंशी तोताराम के चले जाने पर मकान बदलती है। हालात का सामना करती है। अपनी बेटी का भविष्य बनाने के लिए संघर्ष करती है। -त्याग करने वाली: तथाकथि‍त आदर्श भारतीय स्त्री की तरह अपने लिए कभी कुछ नहीं चाहती। सबके लिए सब कुछ करती है पर कोई उसके लिए कुछ करे, ऐसी इच्छा नहीं रखती। 
22.  मंसाराम के बीमार पड़ने पर उसे घर लाने की बात हुई तो निर्मला ने क्या कहा? –उसे घर ले आओ। मेरे कारण न ला रहे हो तो मुझे मेरे घर भेज देना।
23.  मंसाराम की समझ में अपने पिता का सच कब आया? –जब जियाराम ने बताया कि उसके घर से चले आने के बाद नई अम्मा जी हमेशा रोती रहती हैं पर पिताजी के सामने आते ही मुस्कराने लगती हैं।
24.  मंसाराम ने निर्मला के अस्पताल पहुँचने पर क्या किया? –उसके चरण छूकर बोला- मेरी भगवान से प्रार्थना है कि मेरा पुनर्जन्म आपके गर्भ से हो। 
25.  निर्मला का गहनों से भरा संदूक किसने चुराया? –जियाराम ने।
26.  जियाराम घर से कहाँ चला गया? –उसका कुछ पता नहीं चला।
27.  निर्मला की बेटी का क्या नाम था? मुंशी तोताराम उसे क्यों प्यार करने लगे? –आशा। उसकी सूरत मंसाराम से मिलती थी। 
28.  निर्मला की छोटी बहिन का क्या नाम था? उसका विवाह कहाँ हुआ? –कृष्णा। डॉक्टर भुवनमोहन सिन्हा के छोटे भाई के साथ। उसी घर में, जिसने निर्मला के पिता की मृत्यु के बाद निर्मला को अपनाने से इनकार कर दिया था।
29.  सियाराम घर से कहाँ चला गया और क्यों? –साधु परमानंद उसे बहकाकर ले गया। निर्मला आर्थि‍क स्थि‍ति कमज़ोर होने के कारण कंजूसी से काम लेती। नौकरानी की बजाय वह सियाराम को घर का हर सामान लाने बाज़ार भेजती। सामान में कुछ कमी होती तो उसे लौटाने भी सियाराम को ही जाना पड़ता। इस कारण वह पढ़ाई भी ठीक से न कर पाता। न स्कूल में चैन, न घर में। कई बार भूखा रहना पड़ता। परेशान था, चला गया।
30.  मुंशी तोताराम घर से क्यों चले गए और कब लौटे? –सियाराम को ढूँढ़ने। निर्मला के मरने के बाद उसका दाह-संस्कार होने के अवसर पर।
31.  डॉक्टर भुवनमोहन सिन्हा की मृत्यु कैसे हुई? –निर्मला को एक बार अपने घर में अकेले पाकर उनकी नीयत डोल गई। उनकी पत्नी ने यह जाना तो ताने दिए। वे सह न सके। चल बसे। 
32.  निर्मला ने अपनी अंतिम इच्छा रुक्मणि‍ को क्या बताई? –मेरी बेटी को चाहे कुँआरी रखना, चाहे ज़हर दे देना पर कुपात्र के साथ उसका विवाह मत करना।  



No comments:

Post a Comment